Pirda Land Acquisition: पिरदा गांव की जमीन नहीं होगी अधिग्रहित, विधायक अनुज शर्मा की पहल पर मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा आश्वासन
RDA Project Update: ग्रामीणों की आपत्ति के बाद सरकार का फैसला, पिरदा में आवासीय प्रोजेक्ट नहीं लाने की बात; किसानों ने CM साय और विधायक अनुज शर्मा का जताया आभार

Pirda Land Acquisition रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी को लेकर पिरदा गांव के किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पिरदा गांव की जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। धरसीवां विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात की, जहां ग्रामीणों की मांग और भावनाओं को सुनने के बाद मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यदि पिरदा गांव के ग्रामीण अपनी जमीन पर आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं, तो सरकार की ओर से वहां आवासीय प्रोजेक्ट लाने की कोई मंशा नहीं है। उन्होंने कहा कि पिरदा गांव की जमीन RDA नहीं लेगी और इस संबंध में RDA को निर्देशित किए जाने की बात कही।
क्यों हुआ था जमीन अधिग्रहण का विरोध?
रायपुर विकास प्राधिकरण की पूर्व नियोजित योजना के तहत पिरदा गांव की जमीन को कौशल्या विहार कॉलोनी के लिए चिन्हांकित किया गया था। इसकी सूचना सामने आने के बाद गांव के किसान और ग्रामीण अपनी जमीन के अधिग्रहण को लेकर चिंतित हो गए थे।
ग्रामीणों का कहना था कि वे अपनी कृषि भूमि पर खेती करते हैं और गांव के करीब 20 फीसदी लोगों के घर भी इसी जमीन पर स्थित हैं। ऐसे में वे अपनी जमीन RDA को देने के पक्ष में नहीं थे।
ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर ग्राम सभा भी बुलाई और अपनी आपत्ति से विधायक अनुज शर्मा को अवगत कराया।
CM साय से मिले विधायक अनुज शर्मा
ग्रामीणों की मांग को लेकर विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पिरदा गांव के किसान अपनी कृषि भूमि पर निर्भर हैं और ग्रामीण अपनी जमीन पर RDA का प्रोजेक्ट नहीं चाहते।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की स्थिति को देखते हुए वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से मोबाइल पर चर्चा कर ग्रामीणों का पक्ष सुनने के निर्देश दिए।
मंत्री ओपी चौधरी ने दिया आश्वासन
इसके बाद विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंत्रालय महानदी भवन में मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात की।
मंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उन्हें पिरदा गांव की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों की भावनाओं से अवगत कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीण आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं तो सरकार उनके साथ खड़ी है।
मंत्री ने पिरदा गांव की जमीन RDA द्वारा नहीं लिए जाने की बात कही और इस संबंध में प्राधिकरण को निर्देश देने की जानकारी दी।
किसानों ने जताया CM साय और विधायक का आभार
मंत्री की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, आवास मंत्री ओपी चौधरी और विधायक अनुज शर्मा के प्रति आभार जताया।
मंत्रालय के द्वार क्रमांक 4 पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया था और उन्होंने अपना वादा पूरा किया।
ग्रामीणों ने कहा कि उनकी जमीन पर RDA का प्रोजेक्ट आने की आशंका के बीच विधायक ने उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाई, जिसके बाद उन्हें राहत मिली है।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित जनपद सदस्य, सरपंच, पंच और प्रभावित किसान मौजूद रहे।










