Kawardha Dahi Handi 2026: दही हांडी उत्सव में शामिल हुए डिप्टी CM विजय शर्मा, गूंजा ‘जय कन्हैयालाल की’ का जयघोष
कवर्धा के गांधी मैदान और भारत माता चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Kawardha Dahi Handi 2026: कवर्धा शहर में कृष्ण जन्माष्टमी और दही हांडी उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शनिवार को गांधी मैदान और भारत माता चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
ग्वाला भाइयों का तिलक लगाकर किया स्वागत
दही हांडी उत्सव के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने परंपरा के अनुसार ग्वाला भाइयों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें उत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
वहीं यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक सम्मान के रूप में उन्हें खुमरी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, शहरवासी और यादव समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
‘हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की’ से गूंजा कवर्धा
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंच से ही उपस्थित लोगों के साथ “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की” का जयघोष किया। जयघोष के साथ पूरे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।
दही हांडी उत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासी, समाजजन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पूरा शहर कृष्ण भक्ति और जयघोष से गुंजायमान रहा।
विजय शर्मा ने युवाओं से किया खास आह्वान
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गोविंदा उत्सव कवर्धा की गौरवशाली परंपरा है। यह आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सभी को धर्म, कर्म और कर्तव्य के प्रति प्रेरित करता है। कृष्ण लीला का संदेश है कि अन्याय और अधर्म पर सदैव धर्म की विजय होती है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रदेशवासियों को दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर कवर्धा सहित प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज को एकजुट करने का काम करते हैं।








