Raipur Murder : राजधानी में आधी रात खूनी खेल, अश्वनी नगर में युवक की धारदार हथियार से हत्या, CCTV खंगाल रही पुलिस
RAIPUR MURDER: आधी रात युवक की हत्या...2 हमलावर फरार

Raipur Murder रायपुर। Raipur Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध की एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अश्वनी नगर इलाके में आधी रात एक 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दो अज्ञात हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए।
मृतक की पहचान डंगनिया निवासी अहमद खान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौसिया मस्जिद के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, घटना अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास देर रात करीब 12:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि अहमद खान का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपनी एक्टिवा से वहां से निकलने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान कथित तौर पर उसका पीछा कर रहे दो अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान उसकी एक्टिवा नाली में गिर गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से कई वार किए और मौके से फरार हो गए।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।

खून से लथपथ हालत में मिला युवक
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात में दो अज्ञात हमलावरों के शामिल होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विवाद के कारण, आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी
हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। DCP, ADCP, ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
पुलिस की टीमें अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।









