Bastar Dussehra News: बस्तर दशहरा में रथ का पहिया निकलने पर विवाद, पारंपरिक तरीके से रथ खींचने पर अड़े ग्रामीण; सांसद के दखल से सुलझा मामला
Bastar Dussehra News जगदलपुर। बस्तर दशहरा की फूल रथ परिक्रमा के दौरान रथ का पहिया निकलने से तनाव की स्थिति बन गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से रथ आगे बढ़ाने का सुझाव दिया, लेकिन ग्रामीण पारंपरिक तरीके से रथ खींचने पर अड़े रहे। इस बात को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। बाद में बस्तर सांसद महेश कश्यप के हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत हुआ और रथ परिक्रमा पूरी कराई गई। Bastar Dussehra News

पहिया निकलने के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, फूल रथ की अंतिम परिक्रमा के दौरान अचानक रथ का पहिया निकल गया। पहिया दोबारा लगाए जाने के बाद मिताली चौक के पास रथ खींचने को लेकर विवाद शुरू हो गया। ग्रामीण परंपरा के अनुसार रथ खींचना चाहते थे, जबकि पुलिस का कहना था कि संभावित हादसे को देखते हुए मशीनों की मदद लेना जरूरी है।
दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। दशहरा समिति के पदाधिकारियों ने भी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। इसी बीच सांसद महेश कश्यप ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद ग्रामीण पुलिस की बात मानने के लिए तैयार हुए और परिक्रमा संपन्न कराई गई।
सीएसपी सुमित कुमार के मुताबिक, रथ का पहिया निकलने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेसीबी की मदद से परिक्रमा कराने की जरूरत महसूस हुई थी। इसी मुद्दे पर सहमति नहीं बनने के कारण विवाद की स्थिति बनी।
दो दिन पहले भी रथ से जुड़ा हादसा
बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान दो दिन पहले भी हादसा हुआ था। उस समय फूल रथ निर्धारित मार्ग से हटकर पावर हाउस चौक की ओर चला गया था। इस दौरान दो स्कूटी रथ की चपेट में आ गईं और रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभा गिरने से कई लोग घायल हो गए थे।
लगातार दो घटनाओं के बाद रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा इंतजामों और रथ के संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बस्तर दशहरा की पारंपरिक रथ परिक्रमा में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रहती है, ऐसे में परंपरा को बनाए रखने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी अहम है।










