CG News: भिलाई-चरोदा नगर निगम को मिले नए आयुक्त, एसके सुंदरानी संभालेंगे जिम्मेदारी; डीएस राजपूत सारंगढ़ भेजे गए
CG News

CG News : दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त का तबादला कर दिया गया है। डीएस राजपूत की जगह एसके सुंदरानी को नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है। सुंदरानी इससे पहले नगरीय प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्य कर चुके हैं। वहीं, डीएस राजपूत को सारंगढ़ में अपर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। CG News
ओपी चौधरी ने भाजपा नेताओं के साथ की बैठक
भिलाई-चरोदा में कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में सांसद विजय बघेल और भाजपा के चुनाव प्रभारी नीलू शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान भिलाई और चरोदा मंडल के पदाधिकारियों के साथ संगठन की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
बैठक में ओपी चौधरी ने कार्यकर्ताओं से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और रामलला दर्शन योजना सहित सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
उन्होंने कांग्रेस के महापौर के कार्यकाल को लेकर कथित विफलताओं, भ्रष्टाचार, घोटालों और वादाखिलाफी के मुद्दों को जनता के बीच उठाने की बात कही। मंत्री ने कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र तैयार करने और इन मुद्दों पर आंदोलन करने पर भी जोर दिया।
चुनावी घोषणा पत्र में वित्तीय स्थिति का ध्यान रखने की बात
बैठक के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र तैयार करते समय नगर निगम की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखा जाना चाहिए। बैठक में स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों और जनता के बीच प्रमुख मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखने पर चर्चा हुई।









